बिना वीज़ा फगवाड़ा में घूम रहे थे दो नाइजीरियन पुलिस ने किए गिरफ्तार

पढ़ाई मुकम्मल होने पर लुक-छिपकर रह रहे थे दोस्तों के पास

बिना वीज़ा फगवाड़ा में घूम रहे थे दो नाइजीरियन पुलिस ने किए गिरफ्तार

कपूरथला के फगवाड़ा में बिना वीजा घूम रहे दो नाइजीरियन को थाना सतनामपुरा की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चौकी महेड़ू की पुलिस की ओर से नाकाबंदी के दौरान दोनों से पूछताछ की गई तो वह कोई स्पष्ट जवाब व दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। थाना सतनामपुरा की पुलिस ने फॉरेन एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

थाना सतनामपुरा के एसएचओ एसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि चौकी महेड़ू इंचार्ज एसआई रणजीत सिंह, एएसआई बलविंदर सिंह, एएसआई चरणजीत सिंह व कांस्टेबल तरनजोत सिंह के साथ लॉ गेट महेड़ू के पास विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान दो विदेशी नागरिक महेड़ू वाली साइड से पैदल आते दिखाई दिए। जिन्हें पुलिस ने पूछताछ के लिए रोका। दोनों विदेशी नागरिकों ने अपने नाम सेलिहू इलियासू युसूफ निवासी नाइजीरिया हाल निवासी कपूर कौशल पीजी ग्रीन वैली महेड़ू फगवाड़ा और जेमिइ रिपोको एबुचे निवासी गुनियू हाल निवासी कपूर कौशल पीजी ग्रीन वैली महेड़ू फगवाड़ा बताया। एसएचओ के अनुसार दोनों को पंजाबी भाषा का ज्ञान न होने पर पुलिस ने रोहित निवासी मोहल्ला बाबा गद्दिया फगवाड़ा हाल निवासी केयर टेकर विक्टोरिया पीजी महेड़ू को बुलाकर बतौर ट्रांसलेटर सेवाएं लीं और उसके माध्यम से दोनों को दस्तावेज पेश करने के लिए कहा। युसूफ ने अपना पासपोर्ट पेश किया, जोकि 2026 तक वैध था। लेकिन वह अपना भारत का वीजा और संबं​​धित दस्तावेज पेश करने में नाकाम रहा। जेमिइ का पासपोर्ट 16 अगस्त 2024 तक वैध था, जबकि उसका वीजा 22 मार्च 2022 को खत्म हो चुका ​​था। जब उससे पूछा गया कि उसने वीजा खत्म होने पर नया वीजा अप्लाई किया है तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। एसएचओ के अनुसार इस पर दोनों को गिरफ्तार करके फगवाड़ा में वीजा खत्म होने के बाद गैर-कानूनी ढंग से भारत में रहकर 14 फॉरेन एक्ट-1946 का उल्लंघन किया है। एसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि दोनों अब स्टूडेंट नहीं है। पढाई मुकम्मल कर चुके है, फिर भी लुक-छिपकर अपने दोस्तों के साथ रह रहे थे। दोनों को अदालत में पेश किया जा रहा है।