सुशील रिंकू से खफा पंजाब के मुख्यमंत्री, वर्करों में जान फूंकने जालंधर पहुंचे सीएम मान

कहा- जनता देगी जवाब

सुशील रिंकू से खफा पंजाब के मुख्यमंत्री, वर्करों में जान फूंकने जालंधर पहुंचे सीएम मान

लोकसभा चुनाव का बिगु़ल पूरी तरह से बज़ चुका है इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी अपने वर्करों में जोश भरने का हर संभव प्रयास कर रहे है। हालांकि बात की जाए जालंधर लोकसभा सीट की तो जालंधर से आम आदमी पार्टी से दगा कर सुशील रिंकू भाज़पा के दामन में अपनी नई पारी खेलने के लिए चले गए है। जिस से आम आदमी पार्टी के साथ साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भी खासे नाराज़ दिखाई दे रहे है।

 

 

सुशील रिंकू और शीतल अंगुराल के पार्टी छोड़ ज़ाने के बाद अपने जालंधर के पार्टी वर्करों में जोश भरने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को जालंधर पहुंचे और अपनी टीम के सदस्यों संग बैठक की।

 

इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सिर्फ 2 सालों में इतना काम किया है जितना काम पिछली सरकारों ने पिछले 70 सालों में नहीं किया। इसलिए हमें अपने काम का प्रसार करने की जरूरत है। मान ने कहा कि पहले संगरूर लोकसभा क्षेत्र आम आदमी पार्टी का गढ़ हुआ करता था। अब संगरूर के साथ जालंधर भी जुड़ गया है। अब दोनों सीट हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दोनों पर हमारा विशेष ध्यान है और हमें इसे हर हाल में जीतना है। हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए कि जालंधर सीट को हर हाल में जीता जाए। इसके लिए सामूहिक प्रयास बहुत जरूरी है।

 

'आप’ के सांसद सुशील रिंकू के पार्टी छोड़ने पर मान ने कहा कि हमें उनपर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने पार्टी के साथ गद्दारी की है और गद्दारी करने वाले को जनता चुनाव में जवाब देगी। सुशील रिंकू को आम आदमी पार्टी ने सांसद बनाया और पहचान दिलाई, लेकिन उन्होंने हमारे साथ धोखा किया। उनका कोई व्यक्तिगत जनाधार नहीं है। सुशील रिंकू को अब हम नहीं जालंधर की जनता ही मुंहतोड़ जवाब दे देगी।