शीतल अंगुराल का ड्रग माफिया से कनेक्शन भाजपा के लिए बना सिरदर्द

नशा तस्कर के साथ हो रही है तस्वीरें वायरल

शीतल अंगुराल का ड्रग माफिया से कनेक्शन भाजपा के लिए बना सिरदर्द

हाल ही में भाजपा में शामिल हुए विवादित पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट के सरगना के साथ संबंधों ने भाज़पा के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी और सिरदर्द पैदा कर दिया है।

 

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने हाल ही में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया था, जो कूरियर सेवाओं के माध्यम से विभिन्न देशों में अफीम की आपूर्ति करता था। इस रैकेट के मास्टरमाइंड की पहचान जालंधर के युवक मनीष उर्फ ​​मनी ठाकुर के रूप में हुई है जो यूके में रहता है। सूत्रों का कहना है कि 2022 में AAP विधायक चुने गए शीतल ने जालंधर के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा पर अपने दोस्त मनी के खिलाफ आरोप वापस लेने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की थी।

 

हालांकि, जब शीर्ष अधिकारी ने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया, तो अंगुराल ने मामले में हस्तक्षेप करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से संपर्क किया।  लेकिन मुख्यमंत्री ने अंगुराल को फटकार लगाई और उन्हें नशा तस्करों और उनसे सहानुभूति रखने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की जानकारी दी।  उच्चस्तरीय सूत्रों ने बताया कि इस बात से नाराज होकर अंगुराल ने 'आप' को अलविदा कह दिया है और बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

 

अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही शीतल अंगुराल और मनी ठाकुर की तस्वीरें भाज़पा के लिए बड़ी शर्मिंदगी पैदा कर रही हैं।  सूत्रों ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपनाए जाने वाले रुख को लेकर असमंजस में है, क्योंकि यह आगामी लोकसभा चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बन सकता है।  बता दें कि शीतल अंगुराल का विवादों से नाता नया नहीं है, उनके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आरोपों में केस दर्ज हैं।