बलवीर रानी सोढी ने प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ से चंडीगढ़ में की भेंट

बलवीर रानी सोढी ने प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ से चंडीगढ़ में की भेंट

महिला कांग्रेस पंजाब की प्रदेश उपाध्यक्ष तथा ए.आई.सी.सी. मैंबर श्रीमति बलवीर रानी सोढी ने  पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व गुरदासपुर लोकसभा हलके से कांग्रेस सांसद श्री सुनील जाखड़ से चंडीगढ़ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फगवाड़ा के राजनीतिक हालात बारे श्री जाखड़ को अवगत करवाया। दोनों नेताओं के मध्य सितंबर माह में होने वाले ब्लाक समिति तथा जिला परिषद चुनाव को लेकर गंभीर चर्चा हुई। श्रीमति सोढी ने फगवाड़ा वापिस लौट कर इस भेंट बारे जानकारी देते हुए बताया कि श्री जाखड़ ने स्पष्ट किया है कि ब्लाक समिति एवं जिला परिषद चुनाव में केवल उन्हीं उम्मीदवारों को टिकट आबंटित की जाएगी जिनमें चुनाव जीतने की क्षमता होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार हलका विधानसभा फगवाड़ा में उक्त चुनाव के लिए महिला कांग्रेस शीघ्र प्रचार शुरु करेगी। जिन उम्मीदवारों को पार्टी हाईकमान चुनावी टिकट देकर मैदान में उतारेगी उनकी जीत सुनिश्चित बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार बहुत बढ़िया काम कर रही है। मात्र 15 महीने की अवधि में इस सरकार ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं जिनमें किसानों का कर्ज माफ करना सबसे प्रमुख है। यही वजह है कि प्रदेश की जनता ने पहले गुरदासपुर लोकसभा उप चुनाव, फिर तीन बड़े कार्पोरेशन चुनाव व हालिया शाहकोट विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस को भारी मतों से जिताया है। उन्होंने दावा कर कहा कि ब्लाक समिति व जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस की शानदार जीत होगी।