लक्खा सिधाना, पंजाबी गायक जस बाज़वा व सोनिया मान सहित सैंकड़ों किसान नेताओं पर मामला दर्ज

आरोप किसानों को बैरीकेड तोड़ने के लिए ऊकसाया, चंडीगढ़ पुलिस ने किया मामला दर्ज

लक्खा सिधाना, पंजाबी गायक जस बाज़वा व सोनिया मान सहित सैंकड़ों किसान नेताओं पर मामला दर्ज

चंडीगढ़ : बीते दिनी चंडीगढ़ में राज्यपाल को मांग पत्र देने ज़ाने के वक्त पुलिस के साथ हुई हिंसक झड़प और बैरीकेड तोड़ने को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने लक्खा सिधाना, पंजाबी गायक जस बाज़वा और सोनिया मान सहित सैंकड़ों किसान नेताओं पर मामला दर्ज किया है।

 

चंडीगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर से एक्टिविस्ट बना लक्खा सिधाना, किरती किसान यूनियन के उप प्रधान दीप रजिंदरसिंह वाला, जस बाजवा, सोनिया मान, बलदेव सिंह सिरसा और कई अज्ञात किसान नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि इन्होंने किसानों को बैरिकेड तोड़ने के लिए उकसाया है। चंडीगढ़ पुलिस ने इनके खिलाफ ड्यूटी पर बाधा पहुंचाने और दंगा करवाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

 

राज्यपाल को ज्ञापन देने पर अड़े किसान शनिवार को पुलिस बैरिकेड तोड़कर चंडीगढ़ में दाखिल हुए। हजारों की संख्या में पहुंचे किसान करीब ढाई घंटे तक चंडीगढ़ की सड़कों पर जमा रहे। प्रदर्शन में लक्खा सिधाना भी शामिल रहा। उस पर 26 जनवरी को दिल्ली के लाल किले में हिंसा फैलाने का आरोप है। लाल किले की घटना के बाद से वह फरार चल रहा है। उस पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख का इनाम भी रखा है।
 
बता दें कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे किसानों ने मोहाली के वाईपीएस चौक की ओर से चंडीगढ़ में दाखिल होने की कोशिश की। पानी की बौछार से पुलिस ने उनको रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। ट्रैक्टर से पुलिस बैरिकेड तोड़कर किसान चंडीगढ़ की सीमा में दाखिल हो गए। चंडीगढ़ में घुसते ही किसानों ने दमकल विभाग की खड़ी गाड़ियों की टोटियां खोलकर पानी बहा दिया और वाटर कैनन पर कब्जा कर लिया ताकि पुलिस उन पर पानी की बौछार न कर सके।